अलग-अलग खेलों में लखनऊ ने बनाया दबदबा, बना ओवरऑल चैंपियन
लखनऊ, अमृत विचार: स्पोर्ट्स विलेज फाउंडेशन और एचसीएल फाउंडेशन की देखरेख में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में लखनऊ की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी। कुर्सी रोड स्थित गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज और गोमती नगर के मिनी स्टेडियम में टीम ने फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल और रग्बी के बालक व बालिका दोनों वर्गों में विजेता ट्रॉफियां जीतीं।
आयोजन सचिव राहुल वर्मा ने बताया कि बास्केटबॉल में बालक और बालिका दोनों वर्गों में नोएडा की टीमों ने जीत दर्ज की। हैंडबॉल बालिका वर्ग में हरदोई ने लखनऊ को पराजित कर खिताब जीता। मुख्य अतिथि लखनऊ फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव कन्हैया लाल, बाराबंकी के जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश सोनकर और बाबूजी त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज के खेल प्रबंधक हिमांशु शुक्ला रहे। रणविजय गुप्ता, विष्णु, अमन, राजू, अर्चना, प्रवीण, ज्योति और शिवांगी ने आयोजन को सफल बनाया।
