बाराबंकी में सड़क हादसा : कल्याणी नदी में गिरी बोलेरो, युवक की हालत गंभीर ; चालक की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरियाबाद से भिटरिया की ओर जा रही बोलेरो गोकुला पुल (तासीपुर गांव) के पास अनियंत्रित होकर कल्याणी नदी में गिर गई। हादसे में बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात पुल के पास अचानक तेज आवाज सुनाई दी। 

वायरल तस्वीर (18)

आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि बोलेरो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में जा गिरी है। यह दृश्य देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।

वायरल तस्वीर (19)

मृतक की पहचान अमहिया गांव निवासी धनकुमार यादव पुत्र रामसूरत यादव के रूप में हुई है। वहीं अयोध्या जिले के रानीमऊ निवासी रवि गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी काम से दरियाबाद गए थे और देर रात वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि वाहन के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने से हादसा हुआ है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें : 
कोल्ड स्टोरेज के बाहर ट्रालियों पर रतजगा कर रहे अन्नदाता, भंडारण अव्यवस्था से किसान परेशान

 

संबंधित समाचार