CM योगी ने खोला खुशियों का पिटारा... कैलाश मानसरोवर यात्रियों को देंगे एक-एक लाख की सहायता
आज लोकभवन में 555 श्रद्धालुओं को मिलेगा आर्थिक सहयोग
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में कैलाश मानसरोवर यात्रा करने वाले 555 श्रद्धालुओं को एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे।
पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य तीर्थ यात्रियों को प्रोत्साहित करना और उनकी यात्रा को सुगम बनाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे। कैलाश मानसरोवर यात्रा को सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र माना जाता है, लेकिन यह यात्रा कठिन और खर्चीली होती है।
प्रदेश सरकार द्वारा कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने वाले राज्य के स्थायी निवासियों को एक लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। यात्रा पूर्ण करने के बाद आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण भी कराया गया है, जहां देशभर से आने वाले तीर्थ यात्रियों को ठहरने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
