IPL 2026 का इंतजार खत्म: पहले 20 मैचों का शेड्यूल जारी, जानें कब आएगी फुल लिस्ट... ये है RR का होम ग्राउंड प्लान
नई दिल्लीः आईपीएल फैंस के लिए अच्छी खबर है। BCCI ने TATA IPL 2026 के पहले चरण (फेज-1) का शेड्यूल आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। यह हिस्सा 28 मार्च से 12 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें कुल 20 रोमांचक मुकाबले शामिल हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत डिफेंडिंग चैंपियंस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) vs सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगी, जो एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जाएगा।
क्यों जारी हुआ सिर्फ आधा शेड्यूल?
पिछले हफ्तों में फुल 80 से अधिक मैचों वाला शेड्यूल आने की अफवाहें थीं, लेकिन BCCI ने चुनावी कारणों से इसे टाल दिया है। असम, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल (और केरल, पुडुचेरी) में विधानसभा चुनाव होने हैं। जहां 9 अप्रैल 2026 को असम, केरल, पुडुचेरी में, तमिलनाडु में 23 अप्रैल 2026, पश्चिम बंगाल में दो चरण 23 और 29 अप्रैल 2026 को चुनाव होने हैं। वहीं मतगणना 4 मई 2026 को होगी।
इन तारीखों पर गुवाहाटी (9 अप्रैल), चेन्नई (23 अप्रैल), और कोलकाता (23 व 29 अप्रैल) में कोई मैच नहीं रखा जाएगा, ताकि कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था प्रभावित न हो। चुनाव कार्यक्रम आने के बाद अब BCCI बाकी 54+ मैचों का पूरा शेड्यूल जल्द जारी कर सकता है। कई रिपोर्ट्स में 26 मार्च या अगले कुछ दिनों में आने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्या है राजस्थान रॉयल्स (RR) के होम मैचों की तस्वीर?
फैंस की सबसे बड़ी उत्सुकता RR के घरेलू मैदानों पर है। पहले चरण में राजस्थान रॉयल्स तीन होम गेम्स गुवाहाटी (ACA स्टेडियम, बारसापारा) में खेलेंगे:
- 30 मार्च: RR vs CSK (गुवाहाटी)
- 7 अप्रैल: RR vs MI (गुवाहाटी)
- 10 अप्रैल: RR vs RCB (गुवाहाटी)
एक मैच अहमदाबाद में GT vs RR (4 अप्रैल) है। संकेत यही हैं कि गुवाहाटी को शुरुआती सेकेंडरी होम वेन्यू बनाया गया है, जबकि बाकी होम मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होने की संभावना मजबूत है। फुल शेड्यूल आने पर ही अंतिम पुष्टि होगी।
टूर्नामेंट का ओवरव्यू:
- शुरुआत: 28 मार्च 2026 (RCB vs SRH, बेंगलुरु)
- फाइनल: 31 मई 2026
- कुल मैच: 84 (10 टीमों के बीच)
- वेन्यू: पहले चरण में 10 शहर – बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद
