UP: समिति पंजीकरण के नाम पर घूस लेते मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर। मत्स्य विभाग में समिति के पंजीकरण के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में सहायक निदेशक पूरनलाल को एंटी करप्शन टीम ने तिलहर तहसील से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी को पकड़कर कटरा थाने ले गई, जहां आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुवायां क्षेत्र के गांव सदापुर निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड सदापुर के सचिव हैं और अनिल कुमार अध्यक्ष हैं। 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से समिति का पंजीकरण कराने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन हर बार अधिकारियों की ओर से रकम की मांग किए जाने के कारण पंजीकरण नहीं हो सका। दिसंबर 2025 में दोबारा आवेदन किया गया और जनवरी में सभी प्रपत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए, इसके बाद सहायक निदेशक पूरनलाल की ओर से एक लाख रुपये रिश्वत मांगी गई, जिसमें 25 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे। 

सोमवार को पूरनलाल ने शेष रकम में से दस हजार रुपये लेकर तिलहर में समाधान दिवस के दौरान मिलने को कहा था। इससे परेशान होकर राजेश कुमार ने बरेली में एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। सोमवार को राजेश कुमार तय रकम लेकर तिलहर पहुंचे, जहां टीम पहले से मौजूद थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे पूरनलाल ने जैसे ही दस हजार रुपये लिए और वहां से जाने लगे, एंटी करप्शन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद टीम आरोपी और शिकायतकर्ता को लेकर कटरा थाने पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

संबंधित समाचार