अयोध्या : रामनवमी मेले को लेकर 80 घंटे बंद रहेगा हाईवे

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

अयोध्या, अमृत विचार : प्रांतीयकृत चैत्र रामनवमी मेले को लेकर 24 मार्च की दोपहर दो बजे से 27 मार्च की रात 12 बजे तक जिले की सीमाओं से जुड़े राष्ट्रीय व प्रादेशिक राजमार्ग पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान मालवाहक भारी वाहन जैसे ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर आदि का मार्ग परिवर्तित कर उनके गंतव्य को भेजा जाएगा। एसपी यातायात एपी सिंह ने सोमवार देर शाम बताया कि यह प्रतिबंध आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों पर लागू नहीं होगा। साथ ही श्रद्धालुओं के वाहनों को भी आने जाने दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर से आने वाले वाहनों को कूड़ेभार से, रायबरेली से आने वाले वाहनों को हलियापुर से, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर से आने वाले वाहनों को गोहन्ना मोड़ अम्बेडकरनगऱ से, बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को भिटरिया रामसनेही घाट से और जनपद बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को लोलपुर से डायवर्ट किया जाएगा।

इसी तरह जनपद गोरखपुर से वाहनों का डायवर्जन-गोरखपुर से लिंक एक्सप्रेस-वे होकर पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर किया जाएगा। जनपद बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कानपुर, उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज, गोसाईगंज, चांद सराय से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। 

जनपद लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को मोहान, जुनाबगंज, से मोहनलालगंज और गोसाईगंज होते हुये पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर भेजा जाएगा और सीतापुर, शाहजहांपुर, से आने वाले वाहनों को आईआईएम रोड दुबग्गा से आलमबाग, नहरिया से शहीदपथ होते हुए अहीमामऊ और वहां से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

संबंधित समाचार