Stock market closed: शेयर बाजारों में तेजी, 326 अंक मजबूत सेंसेक्स, जानिए निफ्टी का हाल  

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

मुंबई। पिछले कारोबारी दिवस की बड़ी गिरावट के बाद शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में कम कीमतों पर हुई लिवाली से प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 325.72 अंक (0.44 प्रतिशत) की बढ़त में 74,532.96 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की निफ्टी-50 सूचकांक भी 112.35 अंक यानी 0.49 प्रतिशत ऊपर 23,114.50 अंक पर पहुंच गया। 

बाजार में गुरुवार को भारी बिकवाली देखी गयी थी और दोनों सूचकांक सवा तीन प्रतिशत के करीब टूटे थे। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स एक समय 1,079 अंक चढ़ गया था, लेकिन बाद में इसकी तेजी सीमित रह गयी। मझौली और छोटी कंपनियों में भी आज तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.74 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.09 प्रतिशत चढ़ा। आईटी, सरकारी बैंकों, फार्मा, धातु, स्वास्थ्य और ऑटो सेक्टरों में अच्छी मजबूती रही। 

बैंकिंग, निजी बैंक, रियलटी और मीडिया सेक्टरों के सूचकांक गिर गये। सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील और टेक महिंद्रा के शेयर तीन प्रतिशत से ज्यादा चढ़े। इंफोसिस, ट्रेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर दो से तीन प्रतिशत की बीच मजबूत हुए। टाइटन, एनटीपीसी, सनफार्मा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल, टीसीएस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े। 

भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी ऊपर रहे। एचडीएफसी बैंक का शेयर लगभग ढाई प्रतिशत टूट गया। बीईएल में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी गिर गये। 

ये भी पढ़ें  :

Stock market closed: अमेरिकी फेड के ब्याज दर में बदलाव नहीं, लुढ़के शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में भारी गिरावट

 

 

संबंधित समाचार