शाहजहांपुर : तेज रफ्तार बाइक खंभे से टकराई, चालक समेत दो युवकों की मौत
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
धौरहरा, अमृत विचार। ईसानगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। सोमवार दोपहर सरपतहा पुलिस पिकेट के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे चालक सहित दो युवकों की मौत हो गई।
ईसानगर थाना क्षेत्र के नकहिया सरपतहा गांव निवासी सतीश गौतम (20) पुत्र कृपाली गौतम अपने साथी बालक राम (22) पुत्र राम मिलन के साथ सोमवार सुबह हसनपुर कटौली बाजार गए थे। दोपहर करीब तीन बजे दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। सरपतहा पुलिस पिकेट के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सतीश गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालक राम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाकर खमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ईसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। थानाध्यक्ष ईसानगर निर्मल तिवारी ने बताया कि दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही के चलते इस तरह के हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। दो मौतों से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
