महाभारत टीवी सीरियल के भीष्म पहुंचे अयोध्या, शहीदों को दी श्रद्धांजलि, रामलला के दरबार में लगाई हाजिरी
अयोध्या, अमृत विचार : महाभारत टीवी सीरियल में भीष्म का किरदार निभाने वाले कलाकार मुकेश खन्ना सोमवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। अयोध्या में दर्शन पूजन किया। अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
वह शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर संग्राम फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रेसक्लब में पहुंचे थे। उन्होंने यहां जय हिंद हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। अभिनेता खन्ना ने बताया कि पहले भी उन्हें राम मंदिर आने का निमंत्रण मिला था, लेकिन वे नहीं आ पाए। इस बार शहादत दिवस पर अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए।
उन्होंने रामलला का दर्शन-पूजन किया। जय श्री राम को उन्होंने उन्होंने अयोध्या का संदेश बताया। अभियान के तहत क्रांतिकारियों की स्मृति को सम्मान देने की मांग उठाई गई।शहीदों के नाम पर सड़कों, चौक-चौराहों के नामकरण की सरकार से अपील की। कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष गोपाल सिंह और राष्ट्रीय सचिव दीपक कुमार त्रिपाठी के साथ कई अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
