Bareilly: 19 से 22 मार्च तक बारिश के आसार, तेजी से गिर सकता है तापमान 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। 19 से 22 मार्च के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वर्षा का नया दौर शुरू हो सकता है, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार उत्तरी पंजाब पर केंद्रित पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हरियाणा पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पिछले दो दिनों में प्रदेश के उत्तरी तराई क्षेत्रों और आसपास के जिलों में रुक-रुक कर बारिश और तड़ित-झंझावात की स्थिति बनी रही। हालांकि, अब इस दौर के थमने के बाद अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 

उनका कहना हैं कि 18 मार्च तक किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के अभाव में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 19 मार्च से फिर से मौसम बदलने के कारण वर्षा का नया दौर शुरू होगा। 22 मार्च तक प्रदेश के कई हिस्सों सहित बरेली में भी बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे पहुंच सकता है।

संबंधित समाचार