Bareilly : बरेली एयरपोर्ट पर ''फ्लाइब्रेरी'' की शुरुआत, जल्द ही बनेगा किड्स जोन 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। रोटरी क्लब ऑफ बरेली ने यात्रियों की सुविधा और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बरेली एयरपोर्ट पर ‘फ्लाइब्रेरी’ नाम से एक विशेष लाइब्रेरी की स्थापना की है। पहल की प्रेरणा केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडु के आह्वान से ली गई। फ्लाइब्रेरी का उद्घाटन क्लब अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए राजेन विद्यार्थी, एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल, क्लब सचिव शेखर यादव तथा मुख्य सुरक्षा अधिकारी एसआर विश्नोई ने संयुक्त रूप से किया।

क्लब अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि वर्तमान में लाइब्रेरी की शुरुआत सीमित स्तर पर की गई है, जिसे शीघ्र ही और भव्य एवं समृद्ध रूप दिया जाएगा। यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसमें विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में किड्स जोन की स्थापना के लिए भी क्लब से सहयोग का आग्रह किया। 

जिसे क्लब अध्यक्ष ने स्वीकार करते हुए जल्द ही किड्स जोन शुरू करने की घोषणा की। फ्लाइब्रेरी की स्थापना में क्लब के सदस्य नरेश मलिक, अंकित अग्रवाल, मनीष गोयल, अमित मनोहर, नीरज अग्रवाल, विजय खनीजो, डॉ. शुभम गुप्ता और डॉ. जितेंद्र मौर्य का योगदान रहा। टर्मिनल मैनेजर एवं ओएसडी सुधीर कुमार आदि मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार