UP: शहीदों की प्रतिमाओं पर चला बुलडोजर, नगर निगम की कार्रवाई फैला आक्रोश
शाहजहांपुर। शहर में अमर शहीदों की प्रतिमाओं को नगर निगम की ओर से बुलडोजर से तोड़े जाने का मामला सामने आया है। प्रतिमाओं के मलबे को डंपिंग ग्राउंड में फेंक दिए जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और कार्रवाई की मांग उठने लगी। घटना नगर निगम कार्यालय के सामने सड़क किनारे स्थापित प्रतिमाओं से जुड़ी है, जहां शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाएं लगी थीं।
इन प्रतिमाओं पर लोग नियमित रूप से माल्यार्पण करने आते थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात नगर निगम की ओर से बुलडोजर चलाकर इन प्रतिमाओं को ध्वस्त कर दिया गया। प्रतिमाओं के साथ उनके नाम लिखे पत्थरों को भी हटाकर पूरा मलबा डंपिंग ग्राउंड में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह जब लोगों ने टूटी हुई प्रतिमाएं देखीं तो उनमें गुस्सा भड़क उठा। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक माफियाओं के घरों पर बुलडोजर चलते देखा था, लेकिन यहां शहीदों की प्रतिमाओं को ही तोड़ दिया गया।
इस मामले में नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि तिराहे पर जगह कम होने और जाम की स्थिति बनने के कारण प्रतिमाओं को वहां से हटाकर लगभग 15 से 20 फीट पीछे स्थापित किया जाना था। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रतिमाओं को पूरे सम्मान के साथ नए चार स्टैंड पर लगाया जाएगा, जो तैयार हो चुके हैं। नगर आयुक्त ने यह भी माना कि प्रतिमाओं को तोड़ने के दौरान लापरवाही बरती गई है और इसके लिए जिम्मेदार संस्था से जवाब मांगा जा रहा है, साथ ही आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता उर्फ मुन्ना ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अमर शहीदों की प्रतिमाओं को तोड़कर उनका अपमान किया गया है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण नहीं कराया गया तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
