अयोध्या परिक्षेत्र में होगी 350 महिला परिचालकों की भर्ती: चयनित महिलाओं को प्रशिक्षण के बाद मिलेगी तैनाती
अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या परिक्षेत्र में 350 महिला परिचालकों की भर्ती होगी। इसके लिए 28 मार्च को अयोध्या धाम बस स्टेशन परिसर में स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक के कार्यालय में भर्ती मेला लगेगा। चयनित महिलाओं को सात दिन के प्रशिक्षण के बाद गृह जनपद में तैनाती दी जाएगी।
अयोध्या परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल रखा गया है। अभ्यर्थियों का चयन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट बनाकर किया जाएगा। इसके साथ ही सीसीसी (कंप्यूटर) प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा।
बताया कि एनसीसी ‘बी’ प्रमाणपत्र, एनएसएस व भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य या राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त अभ्यर्थियों को मेरिट में पांच प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा। इससे प्रतिभावान और अनुशासित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिल सकेगी।
सबसे खास बात यह है कि चयनित महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद के तहत आने वाले डिपो में ही तैनाती दी जाएगी। इससे उन्हें दूर-दराज जाने की परेशानी नहीं होगी। बताया कि 28 मार्च को उनके कार्यालय पर भर्ती मेला लगेगा। इच्छुक महिलाएं इसी दिन आवश्यक कागजात के साथ सुबह 10 बजे उपस्थित हो सकती हैं।
