सूर्य की किरणें करेंगी रामलला का तिलक: रामनवमी पर 120 मेला स्पेशल बसों का संचालन, 80 घंटे बंद रहेगा हाईवे

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम मंदिर के गर्भगृह में रामलला के जन्मोत्सव पर विधि-विधान पूर्वक वैदिक मंत्राें के साथ अभिषेक का आयोजन किया जाएगा। सुबह 9 बजे पुजारियों का दल षोडशोपचार पूजन के साथ अभिषेक संपन्न करेगा। जिसके बाद रामलला का दूध, दही, पंचामृत, सरयू का जल, गंधोधक और सुगन्ध द्रव्य से अभिषेक किया जाएगा। दोपहर ठीक 12 बजे सूर्य की किरणें रामलाला के ललाट (माथे) पर तिलक करेंगी। जिसका लाइव प्रसारण किया जाएगा।

राममंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोमवार को बताया कि रामनवमी पर 27 मार्च को दोपहर 12 बजे भगवान सूर्य अपने कुल में पैदा होने वाले बालक श्रीरामलला को तिलक करेंगे। सूर्य की किरणें चार मिनट के लिए उनके ललाट पर आएंगी। कहा कि इसरो की संस्था इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिक्स रुड़की ने आकाश की गतिविधियों का अध्ययन किया है कि सूर्य की किरणें कैसे आएंगी। इसके लिए संस्था ने सफल प्रयोग किया। जिसके आधार पर बेंगलुरु की संस्था ऑप्टिका ने यंत्र को तैयार किया। जिसे राम मंदिर पर लगाया गया हैं।

उन्होंने वैज्ञानिकों के प्रयोग की जानकारी देते हुए बताया कि पृथ्वी और सूर्य की अवस्था हर पल बदलती है। इस यंत्र को भी इसी तरह से लगाया गया है कि रामनवमी के दिन यह यंत्र अवस्था के अनुरूप काम करे। ऑप्टिका संस्था ने अपने यंत्रों का अध्ययन कर लिया है। कहा कि यंत्रों के माध्यम से सूर्य की किरणें प्रवर्तन होते हुए गर्भगृह में पहुंचेगी। कहा कि वैज्ञानिकों के द्वारा लगाया गया उपकरण आधुनिक तकनीक से लैस है। कहा कि 19 वर्षों बाद सूर्य और पृथ्वी फिर उस स्थिति में होंगे, जिस स्थिति में वर्ष 2024 की रामनवमी के अवसर पर थे।

मठ मंदिरों में श्रीरामलला के जन्मोत्सव की धूम

रामनगरी में भगवान श्री रामलला का जन्मोत्सव बड़े उल्लास से मनाया जा रहा है। मठ-मंदिरों में चल रहे उत्सव से भक्तों को त्रेता युग का एहसास जागृत हो रहा है। अंतिम दिन 27 मार्च को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का भव्य आयोजन होगा। जिसको लेकर आकर्षक रंग रंग-बिरंगे लाइटो व फूलों से मंदिरों सजाया गया है।

मठ-मंदिरों में मंगलहारी गीत गूंज रहे हैं। प्राचीन कनक भवन मंदिर, दशरथ महल, मणिराम दासछावनी, राम हर्षण कुंज, चारु शिला मंदिर, जानकीमहल, राम बल्लभा कुंज समेत अन्य मंदिरों में उत्सव की छटा बिखर रही है। यहां आने वाले श्रद्धालु उत्सव में शामिल होकर भाव विभोर भी हो रहे हैं। वहीं इस उत्सव में पारंपरिक रामनवमी मेला का आयोजन भी सम्पन्न हो रहा है।

रामनवमी मेले में होगा 120 मेला स्पेशल बसों का संचालन

रामनवमी मेले के दौरान परिवहन निगम द्वारा 120 मेला स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। इनका संचालन आज 24 से 28 मार्च तक होगा। इसके लिए बालू घाट पर अस्थायी बस स्टेशन बनाया गया है। इसका प्रभारी अयोध्या डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी सुशीला देवी को बनाया गया है। साथ ही बुकिंग क्लर्क समेत अन्य कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। अयोध्या डिपो के एआरएम आदित्य प्रकाश को मेलाधिकारी बनाया गया है।

इस मेले में आसपास के जनपदों से भारी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते हैं। इसको देखते हुए परिवहन निगम ने गोंडा के लिए 50, बस्ती मार्ग पर 40, अंबेडकरनगर मार्ग पर 10, लखनऊ मार्ग पर 10 व सुल्तानपुर मार्ग पर 10 बसों का चलाने की तैयारी की है। इसके अलावा देवीपाटन परिक्षेत्र के गोंडा व बहराइच डिपो, गोरखपुर परिक्षेत्र के गोरखपुर, बस्ती व सिद्धार्थनगर से भी आवश्यकतानुसार बसों का संचालन किया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं। भीड़ की मांग पर तत्काल संबंधित मार्ग के लिए बस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

रामनवमी मेले को लेकर 80 घंटे बंद रहेगा हाईवे

प्रांतीयकृत चैत्र रामनवमी मेले को लेकर 24 मार्च की दोपहर दो बजे से 27 मार्च की रात 12 बजे तक जिले की सीमाओं से जुड़े राष्ट्रीय व प्रादेशिक राजमार्ग पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान मालवाहक भारी वाहन जैसे ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर आदि का मार्ग परिवर्तित कर उनके गंतव्य को भेजा जाएगा। एसपी यातायात एपी सिंह ने सोमवार देर शाम बताया कि यह प्रतिबंध आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों पर लागू नहीं होगा। साथ ही श्रद्धालुओं के वाहनों को भी आने जाने दिया जाएगा।

भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

उन्होंने बताया कि सुल्तानुपर से आने वाले वाहनों को कूड़ेभार से, रायबरेली से आने वाले वाहनों को हलियापुर से, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर से आने वाले वाहनों को गोहन्ना मोड़ अम्बेडकरनगऱ से, बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को भिटरिया रामसनेही घाट से और जनपद बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को लोलपुर से डायवर्ट किया जाएगा।

इसी तरह जनपद गोरखपुर से वाहनों का डायवर्जन-गोरखपुर से लिंक एक्सप्रेस-वे होकर पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर किया जाएगा। जनपद बलरामपुर, बहराइच, गोण्डा, श्रावस्ती, से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। 

कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कानपुर, उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज, गोसाईगंज, चांद सराय से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जनपद लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को मोहान, जुनाबगंज, से मोहनलालगंज से गोसाईगंज से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर भेजा जाएगा और सीतापुर, शाहजहांपुर, से आने वाले वाहनों को आईआईएम रोड दुबग्गा से आलमबाग, नहरिया से शहीदपथ होते हुए अहीमामऊ से होते हुए पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  : 
बिहार बोर्ड का रिजल्ट जारी : समस्तीपुर के आदित्य बने बिहार बोर्ड टॉपर, इंटरमीडिएट साइंस में हासिल किये 481 अंक

संबंधित समाचार