यूपी में निजी बिजनेस पार्क:  औद्योगिक निवेश को नई रफ्तार, निवेश से बनेगा मजबूत इकोसिस्टम

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से योगी कैबिनेट ने सोमवार को उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को मंजूरी दे दी है। यह योजना राज्य में आधुनिक औद्योगिक ढांचा विकसित करने के साथ निवेश आकर्षित करने और रोजगार सृजन को गति देने में मील का पत्थर साबित होगी। योजना के तहत प्रदेश में ऐसे बिजनेस पार्क विकसित किए जाएंगे, जहां वैश्विक कंपनियों के कार्यालय, अनुसंधान एवं विकास केंद्र, क्षमता निर्माण केंद्र और संचालन इकाइयां स्थापित की जा सकेंगी। 

इन पार्कों में रेडी-टू-यूज और प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उद्योगों को तेजी से संचालन शुरू करने में मदद मिलेगी। सरकार का मानना है कि वर्तमान में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के अभाव में कई निवेश परियोजनाएं प्रभावित होती हैं और लागत बढ़ जाती है। यह योजना इस कमी को दूर करते हुए विश्वस्तरीय औद्योगिक वातावरण तैयार करेगी। इससे न केवल बड़े उद्योग, बल्कि एमएसएमई और स्टार्टअप को भी बढ़ावा मिलेगा।

योजना को डीबीएफओटी (डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ऑपरेट, ट्रांसफर) मॉडल पर लागू किया जाएगा, जिसमें निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी होगी। डेवलपर पार्क का डिजाइन, निर्माण, संचालन और रखरखाव करेगा, जबकि तय अवधि के बाद इसे सरकार को हस्तांतरित किया जाएगा।

हर बिजनेस पार्क के लिए चिन्हित की जाएगी10 एकड़ भूमि

हर बिजनेस पार्क के लिए कम से कम 10 एकड़ भूमि चिन्हित की जाएगी। इन पार्कों को 45 वर्षों की लीज अवधि पर विकसित किया जाएगा, जिसे आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया भी जा सकेगा। योजना में निजी डेवलपर को पूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे कार्यान्वयन में तेजी आएगी। योजना के तहत प्रस्तावों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी और पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही, डेवलपर्स को समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट देनी होगी, जिससे परियोजनाओं की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की संभावना

अपर मुख्य सचिव (अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास) आलोक कुमार के अनुसार, वर्तमान में तैयार इंफ्रास्ट्रक्चर के अभाव में परियोजनाओं में देरी और लागत बढ़ जाती है। यह योजना इस समस्या का समाधान करते हुए रेडी-टू-यूज इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराएगी, जिससे निवेश आकर्षित होगा और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।

निजी बिजनेस पार्क योजना-2025 की खास बातें

• प्लग-एंड-प्ले व रेडी-टू-यूज इंफ्रास्ट्रक्चर
• वैश्विक कंपनियों, एमएसएमई और स्टार्टअप को बढ़ावा
• डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ऑपरेट, ट्रांसफर मॉडल मॉडल पर विकास
• न्यूनतम 10 एकड़ भूमि पर पार्क विकसित
• 45 वर्ष की लीज, आगे विस्तार की सुविधा
• निजी डेवलपर करेगा डिजाइन, निर्माण व संचालन
• निवेश, निर्यात और रोजगार सृजन को बढ़ावा
• पारदर्शी चयन प्रक्रिया और नियमित मॉनिटरिंग

ये भी पढ़ें  :
महाभारत टीवी सीरियल के भीष्म पहुंचे अयोध्या: दी शहीदों को श्रद्धांजलि, किया रामलला का दर्शन पूजन

संबंधित समाचार