स्टार्क IPL 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर! मैच फिटनेस हासिल कर ली, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की NOC का इंतजार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क मैच फिटनेस हासिल करने के बेहद करीब हैं और उन्होंने गेंदबाज़ी शुरू कर दी है। चूंकि ऐसा समझा जा रहा है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस समय जॉश हेजलवुड, पैट कमिंस के साथ ही स्टार्क के वर्कलोड की भी निगरानी कर रही है इसलिए स्टार्क आईपीएल 2026 के शुरुआती चरण में खेलने से चूकेंगे। 

बदानी ने कहा, "मिचेल स्टार्क और संबंधित बोर्ड से हम लगातार संपर्क में बने हुए हैं। उन्होंने गेंदबाज़ी शुरू कर दी है और हाल ही में एक सेशन भी किया है। लेकिन अहम बात यह है कि जब तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें एनओसी नहीं देता या उनकी उपलब्धता की पुष्टि नहीं करता तब तक बतौर फ्रेंचाइजी हम बहुत ज़्यादा कुछ नहीं कर सकते। 

एक बार जब अनुमति मिल जाएगी तो हमें स्पष्टता मिल जाएगी कि वह कब तक दल से जुड़ेंगे और हम फिर उस हिसाब से योजना बनाएंगे। डीसी के पास अन्य विदेशी तेज़ गेंदबाज़ी विकल्प में काइल जेमिसन, लुंगी एन्गिडी और दुष्मंत चमीरा उपलब्ध हैं। हालांकि यह देखना होगा कि वह स्टार्क की कमी को कैसे भरते हैं, स्टार्क ने पिछले सीजन 11 मुक़ाबलों में 14 विकेट हासिल किए थे। 

कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, "अगर स्टार्क शुरुआत में उपलब्ध नहीं होते हैं तो निश्चित तौर पर हमें उस हिसाब से टीम संयोजन के बारे में सोचना होगा। हम एक अन्य बाएं हाथ के विकल्प के साथ जाएंगे या सिर्फ़ उपलब्ध खिलाड़ियों के साथ संतुलन बनाने का प्रयास करेंगे, यह निर्णय परिस्थितियों के अनुसार और विपक्षी टीम के आधार पर लिए जाएंगे। ख़ासतौर पर टी20 क्रिकेट में कॉम्बिनेशन हमेशा संतुलन से संबंधित होता है। अगर उन्हें अनुमति मिल जाती है तो वह पहला मुक़ाबला खेलने के लिए उपलब्ध हो सकते हैं, इसलिए हम उनकी उपलब्धता की संभावना को दरकिनार नहीं कर सकते।" 

डीसी को स्टार्क की उपलब्धता को लेकर उम्मीद इसलिए भी है क्योंकि लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के ख़िलाफ़ उनका पहला मुक़ाबला 1 अप्रैल को है। 2026 की नीलामी से पहले स्टार्क को डीसी ने 11.75 करोड़ रुपए में रिटेन किया गया था। एशेज में वह ऑस्ट्रेलिया के मुख्य गेंदबाज़ थे जिन्होंने पांचों टेस्ट मैच खेलते हुए और ऑस्ट्रेलिया की 4-1 से जीत में उन्होंने प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ का अवॉर्ड भी जीता। उन्होंने जनवरी में आख़िरी मैच बीबीएल में सिडनी सिक्सर्स के लिए खेला था। अभी ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ों के वर्कलोड पर काफ़ी बारीकी से नजर रखी जाएगी क्योंकि अगस्त 2026 से जुलाई 2027 के बीच ऑस्ट्रेलिया को कुल 21 टेस्ट मैच खेलने हैं, जिसमें दिसंबर-जनवरी में उन्हें न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ चार हफ़्तों के बीच चार टेस्ट मैच खेलने हैं। 

संबंधित समाचार