दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, CM रेखा गुप्ता के बजट भाषण से पहले सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में मंगलवार सुबह हाई अलर्ट की स्थिति बन गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश किए जाने से ठीक पहले विधानसभा और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को बम धमाके की गंभीर धमकी भरे दो ईमेल प्राप्त हुए हैं। धमकी वाले ईमेल सुबह 7:28 बजे और 7:49 बजे भेजे गए।
इनमें दिल्ली विधानसभा परिसर के साथ-साथ विधानसभा मेट्रो स्टेशन को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत कई प्रमुख नेताओं का भी जिक्र किया गया है। धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस, खुफिया एजेंसियां और अन्य सुरक्षा बल तुरंत सक्रिय हो गए। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। स्पीकर के कक्ष की भी गहन जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर विधानसभा की कार्यवाही को सुबह 11:30 बजे तक स्थगित कर दिया गया है।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं और ईमेल की तकनीकी जांच के साथ-साथ धमकी की पृष्ठभूमि की भी पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल परिसर को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है। यह घटना दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर रही है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
