क्रिसिल और आईआईटी कानपुर ने एआई अनुसंधान व इंटेलिजेंट सिस्टम्स के लिए मिलाया हाथ

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। क्रिसिल लिमिटेड और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स (डब्ल्यूएसएआईएस) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और इंटेलिजेंट सिस्टम्स के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस साझेदारी के तहत आईआईटी कानपुर में उद्योग एवं शैक्षणिक विशेषज्ञों को आमंत्रित कर एआई, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स, इंटेलिजेंट सिस्टम्स और अन्य उभरती तकनीकों पर व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए "क्रिसिल लेक्चर सीरीज" शुरू की जाएगी, जो छात्रों को उद्योग से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी।

इसके अलावा "क्रिसिल स्टूडेंट अवॉर्ड" की भी स्थापना की जाएगी, जिसे हर वर्ष आईआईटी कानपुर के दीक्षांत समारोह में डिपार्टमेंट ऑफ इंटेलिजेंट सिस्टम्स के उत्कृष्ट छात्रों को दिया जाएगा। क्रिसिल की प्रेसिडेंट एवं सीएचआरओ पूजा मिर्चंदानी ने कहा कि यह साझेदारी उद्योग और शिक्षा के बीच सेतु का काम करेगी और छात्रों को उभरती तकनीकों की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।

वहीं, वाधवानी स्कूल ऑफ एआई एंड इंटेलिजेंट सिस्टम्स के अधिष्ठाता नितिन सक्सेना ने इस सहयोग को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि इससे छात्रों को वास्तविक दुनिया की एआई समस्याओं पर काम करने का अवसर मिलेगा। इस समझौते के तहत इंटर्नशिप, इंडस्ट्री विजिट्स, और छात्रों को उद्योग-आधारित प्रोजेक्ट्स पर काम करने के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

संबंधित समाचार