UP: दूसरे दिन भी बाजार बंद, ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत के बाद मारपीट से शुरू हुआ था बवाल 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बेहजम, अमृत विचार। नीमगांव थाना क्षेत्र के अछनिया गांव में सोमवार को ई-रिक्शा चालक और बाइक सवार के बीच टक्कर के बाद हुई मारपीट के बाद बवाल हो गया था। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मंगलवार को भी गांव की सभी दुकानें बंद रहीं और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

बेहजम क्षेत्र के पिपरझला निवासी पंकज सिंह अपनी पत्नी कोमल और बेटी मान्या के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। अछनिया गांव के पास उनकी बाइक एक स्थानीय व्यक्ति से मामूली रूप से टकरा गई। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने पंकज, उनकी पत्नी और बेटी के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आए और जाम लगा दिया, जिससे हालात और बिगड़ गए। 

मितौली सीओ यादवेंद्र यादव, मितौली व नीमगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रण में किया था। पीड़ित पंकज सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद से पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी है। 24 से अधिक संदिग्ध उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। बेहजम पुलिस चौकी प्रभारी संदीप यादव के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू भी मौके पर पहुंचे और घटना की निंदा की। उन्होंने क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए कि उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और किसी को भी बख्शा न जाए। तनाव को देखते हुए गांव में दूसरे दिन भी बाजार पूरी तरह बंद रहा और एहतियातन दूसरे दिन भी भारी पुलिस बल गांव में तैनात रहा।

अछनिया बवाल में आठ आरोपियों का चालान
बेहजम। अमृत विचार: नीमगांव थाना पुलिस ने अछनिया गांव में ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर के बाद हुए बवाल मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उपद्रवियों ने ई-रिक्शा चालक पंकज सिंह की पत्नी और बच्ची के साथ मारपीट की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप सिंह ने बताया कि अरमान पुत्र सस्वर निवासी मुकरेहटा, अकील पुत्र खलीक, हसीब पुत्र जियाउल्ला, जिशान पुत्र शमसाद, आमिर पुत्र जबीउल्ला, सनाउल्लाह पुत्र आशिक इलाही, जैनुल पुत्र फकीरा निवासी अछनिया और माजिद पुत्र सईद खां निवासी मलिगंवा को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों का चालान कर एसडीएम मितौली की अदालत में पेश किया है।

संबंधित समाचार