यूपी का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी ने किया सम्मानित, रिंकू सिंह बने क्रीड़ा अधिकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लोकभवन में आयोजित समारोह में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जबकि पांच खिलाड़ियों को लक्ष्मण अवॉर्ड और चार खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड प्रदान किए गए। 

इसके साथ ही 14 खिलाड़ियों को कुल 1.64 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी दी गई। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर एकलव्य क्रीड़ा कोष से खिलाड़ियों के लिए आर्थिक सहायता का अंतरण भी किया और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। 

समारोह में जिन खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई, उनमें राजकुमार पाल (हॉकी) - डीएसपी, प्रवीण कुमार (पैरालंपिक, ऊंची कूद) - डीएसपी, अजीत सिंह (पैरालंपिक, भाला फेंक) - जिला पंचायत राज अधिकारी, सिमरन (पैरालंपिक, एथलेटिक्स) - जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रीतिपाल (पैरालंपिक, एथलेटिक्स) - खंड विकास अधिकारी और रिंकू सिंह (क्रिकेट) - क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी बनाया गया है। 

लक्ष्मण अवॉर्ड के तहत खिलाड़ियों को 3.11 लाख रुपये, कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में उत्तम सिंह (हॉकी, गाजीपुर), अभिजीत कुमार (जिम्नास्टिक, प्रयागराज), जोंटी कुमार (कुश्ती, नोएडा), यश कुमार (पैरा कैनोइंग, आगरा) और प्रवीण कुमार (पैरा एथलेटिक्स, नोएडा) शामिल रहे। रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड के तहत भी 3.11 लाख रुपये, कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। 

यह सम्मान पाने वाली खिलाड़ियों में प्राची (एथलेटिक्स, सहारनपुर), तान्या चौधरी (एथलेटिक्स, बागपत), प्रगति केसरवानी (पैरा टेबल टेनिस, लखनऊ) और वंतिका अग्रवाल (शतरंज, नोएडा) शामिल रहीं। प्रदेश सरकार ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 14 खिलाड़ियों को कुल 1.64 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। 

इनमें पैरा पावरलिफ्टिंग, शूटिंग, वुशु, पर्वतारोहण, सॉफ्ट टेनिस और कैनोइंग जैसे खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं। कार्यक्रम में अर्जुन अवॉर्ड विजेता सिमरन शर्मा और हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मजबूत मंच मिल रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और देश के लिए पदक जीतने का संकल्प लेने का आह्वान किया। 

संबंधित समाचार