शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद इस ऐलान के बाद हरकत में आई सरकार, तस्करी करने वाले गैंगों पर लगाई जाएगी रासुका व गैंगस्टर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गो सेवा आयोग और अधिकारी करेंगे प्रदेश भर की गौशालाओं का निरीक्षण

राज्य ब्यूरो/लखनऊ, अमृत विचार: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा गाय के संरक्षण को लेकर धर्म युद्ध छेड़ने का ऐलान किया तो राज्य सरकार हरकत में आ गई है। राज्य गो सेवा आयोग और अधिकारी गौशालाओं का निरीक्षण कर गायों के बेहतर रख-रखाव के उपाय करेंगे। वहीं पुलिस से भी कहा गया है कि वह गो तस्करो के खिलाफ रासुका और गैंगस्टर जैसी सख्त कार्रवाई करे, जिससे गोवंश की सुरक्षा हो सके।

शंकराचार्य ने बीते दिनों लखनऊ प्रवास के दौरान कहा था कि यूपी में गायों की हालत खासी खराब है। उनका सही संरक्षण नहीं हो पा रहा है। वह गायों की सुरक्षा के लिए धर्मयुद्ध छेड़ेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य गो सेवा आयोग ने गोशालाओं का निरीक्षण करने का प्लान तैयार किया है।

आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्त ने बताया कि गौशालाओं में गोवंश के संरक्षण, भरण-पोषण, हरा चारा, भूसा, चोकर, स्वच्छ पेयजल एवं आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जायेगा।

यह अभियान दो चरणों में होगा। प्रदेश भर के मण्डलों में आयोग के पदाधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे। साथ ही जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठकों में भाग लेंगे। प्रत्येक निरीक्षण के बाद रिपोर्ट शासन को को भेजी जाएगी।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा झांसी, आगरा, चित्रकूटधाम, देवीपाटन, गोरखपुर, लखनऊ, आजमगढ़, विन्ध्यांचल एवं अयोध्या मण्डलों में निरीक्षण किया जाएगा। दूसरे चरण में अन्य मंडलों को लिया जाएगा। इसके अलावा पशुपालन और प्रशासन के अधिकारी भी समय-समय पर गोशालाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट शासन को भेजेंगे।

संबंधित समाचार