रामनवमी पर यूपी में अलर्ट, अति संवेदनशील जिलों में पैरा मिलिट्री, प्रसिद्ध मंदिरों में श्रद्धालुओं के भेष में तैनात रहेंगे पुलिस कर्मी
लखनऊ, अमृत विचार: ईद का पर्व शांति से संपन्न हो गया तो अब राम नवमी को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। राम नवमी पर प्रदेश को अलर्ट कर दिया गया है, वहीं प्रदेश के अति संवेदनशील जिलों के साथ ही जहां-जहां प्रसिद्ध देवी मंदिर हैं, उन शहरों में पैरा मिलिट्री की टुकड़ियां उतार दी गई हैं। प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा ड्रोन से की जाएगी, वहीं श्रद्धालुओं के भेष में महिला और पुरुष पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, प्रदेश भर में राम नवमी को लेकर खासी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रमुख देवी स्थलों जैसे मिर्जापुर की विंध्यवासिनी मंदिर, प्रयागराज के मां ललिता देवी मंदिर, कल्याणी देवी मंदिर और मां अलोप शंकरी देवी मंदिर, बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर, चित्रकूट के ज्वाला देवी मंदिर, गोंडा के बाराही मंदिर, सहारनपुर के मां शाकंभरी देवी मंदिर और देवबंद के मां बाला सुंदरी देवी मंदिर, लखनऊ के चंद्रिका देवी मंदिर, गोरखपुर के मां तरकुलहा मंदिर और बाराबंकी के कोटवा धाम मंदिर, सीतापुर के नैमिषारण्य में ललिता देवी मंदिर, वृंदावन के उमाशक्ति समेत सभी मंदिरों की कड़ी सुरक्षा करने के निर्देश जारी किए हैं। अयोध्या धाम में भी रामनवमी पर भारी भीड़ रहने का इनपुट मिला है तो वहां पर भी लगातार ड्रोन से निगरानी और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
छतों पर ईंट-पत्थर मिले तो होगी कार्रवाई
इसके अलावा प्रदेश के अति संवेदनशील जिले अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, मेरठ, बहराइच, सहारनपुर के देवबंद, आजमगढ़, मथुरा, आगरा आदि में भी पैरा मिलिट्री, आरआरएफ और पीएसी को उतार दिया गया है। जुलूस निकलने से पहले पुलिस ड्रोन के जरिए छतों पर ईंट-पत्थर आदि पर भी नजर रखेगी। यदि छतों पर ईंट-पत्थर पाए जाते हैं तो संबधित मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जुलूस मार्ग पूर्व निर्धारित ही रहेंगे। इस दौरान छतों पर संगीनों के साथ फोर्स तैनात भी रहेगी।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी नजर
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, राम नवमी पर सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। यदि किसी ने सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर शांति व्यवस्था में बाधा डालने का कार्य किया तो तुरंत ही सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा पूर्व की घटनाओं में संलिप्त रहे लोगों को खुफिया टीमें रडार पर रखेंगी।
चैत्रराम नवमी को लेकर सात जोन व 23 सेक्टरों में बंटा मेला क्षेत्र
चैत्र राम नवमी मेले में शांति और सुरक्षा के साथ नागरिक सुविधाओं को लेकर मेला क्षेत्र को सात जोन और 23 सेक्टरों में बांट मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। यातायात और सुरक्षा पर विशेष फोकस है। ज्यादा भीड़ भाड़ वाले क्षेत्र को घाटजोन, नागेश्वरनाथ जोन, हनुमानगढ़ी जोन में सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। घाट जोन छह मजिस्ट्रेटों के साथ छह पुलिस अफसर, नागेश्वर नाथ जोन में आठ, हनुमानगढ़ी जोन में पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
कनक भवन, यातायात और यातायात द्वितीय जोन में जोनल मजिस्ट्रेट और जोनल पुलिस अफसरों को लगाया गया है। कनक भवन जोन में चार, यातायात जोन प्रथम में 13 और यातायात द्वितीय में 21 मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अफसरों को लगाया गया है। गुप्ताघाट व नगर जोन में भी जोनल मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारी के साथ दो सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया। सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस में मेला नियंत्रण कक्ष बनाया गया। जिलाधिकारी की ओर से निर्देश पहले ही जारी कर दिया गया। कहा गया है कि अपने ड्यूटी स्थलों का पहले से भ्रमण कर लें। समस्याएं हों तो उनका निस्तारण करा लें।
ये भी पढ़ें :
योगी सरकार के 9 साल का कमाल, UP में अर्थव्यवस्था का प्रमुख चालक बनकर उभरा पर्यटन
