Moradabad: ईद-उल-फितर से पहले बाजारों में खरीदारी ने पकड़ा जोर, सेवइयों और रेडीमेड कपड़ों की बढ़ी मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। ईद-उल-फितर के लिए बाजारों में खरीदारी चरम पर है। चौमुखापुल, मंडी चौक, टाउनहॉल, पीर का बाजार, करूला, जामा मस्जिद, तहसील स्कूल के पास समेत शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है।

शाम होते ही बाजारों में रौनक और बढ़ जाती है। महिलाएं भी परिवार के साथ खरीदारी के लिए पहुंचकर ईद की तैयारियों में जुटी हैं। बुधवार को कपड़े, जूते-चप्पल, श्रृंगार सामग्री और घरेलू जरूरतों का सामान खरीदते दिखे। रेडीमेड कपड़ों के लिए टाउनहॉल और चौमुखापुल पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। यहां दुकानों के साथ-साथ सड़कों तक स्टॉल लग गए हैं। दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट और ऑफर दे रहे हैं।

 वहीं, मंडी चौक और बुधबाजार में जूते-चप्पल व अन्य उपयोगी वस्तुओं की दुकानों पर भी खरीदारों का तांता लगा रहा। श्रृंगार सामग्री के लिए गलशहीद के चूड़ी बाजार में महिलाओं की देर शाम तक भीड़ रही। इसके अलावा फुटपाथ पर सजी अस्थायी दुकानों पर भी सस्ते कपड़ों और सामान की जमकर बिक्री हुई। ईद के पकवानों के लिए जरूरी सेवइयों की दुकानों पर भी खूब रौनक रही। इसके अलावा अलीगढ़ की सेवइयां, सूतफेनी और किमामी की बिक्री तेज रही, जहां दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही।

इबादत में भी जुटे हैं रोजेदार
रोजा रखने वाले लोग जहां एक ओर खरीदारी में व्यस्त हैं, वहीं इबादत का सिलसिला भी जारी है। मस्जिदों में नमाज और तरावीह के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। रोजेदार पांच वक्त की नमाज के साथ कुरान पाक की तिलावत में समय बिता रहे हैं। ईद नजदीक आने के साथ ही जकात और फितरा अदा करने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं, ताकि जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाई जा सके।

बोले व्यापारी
कपड़ा व्यापारी मोहम्मद सिराज के मुताबिक ईद से पहले हर साल अच्छी बिक्री होती है, लेकिन इस बार भीड़ थोड़ी ज्यादा है। खासकर रेडीमेड कपड़ों की मांग बढ़ी है।
 फुटवियर व्यापारी  शहजाद आलम ने बताया कि ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोग परिवार के साथ आकर जमकर खरीदारी कर रहे हैं, जिससे कारोबार में तेजी आई है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए हर तरह की वैरायटी उपलब्ध है।-

संबंधित समाचार