बहराइच : गैस आपूर्ति व्यवस्था पर सख्ती, गैस एजेंसी संचालकों के साथ एसडीएम ने की बैठक, पारदर्शिता के दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले की नानपारा तहसील में उप जिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर पारदर्शी एवं समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील सभागार नानपारा में आयोजित बैठक में एसडीएम ने कहा कि गैस वितरण में शासन की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उपभोक्ताओं की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने संचालकों से जनहित को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी व्यवस्था अपनाने तथा समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही प्रत्येक एजेंसी पर ई-केवाईसी, सिलेंडर बुकिंग और उपभोक्ता सहायता के लिए अलग-अलग काउंटर अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने एजेंसी परिसर में प्रमुख सूचनाओं से युक्त स्पष्ट बैनर लगाने को भी कहा, जिसमें सेल्स ऑफिसर, एरिया मैनेजर के नाम, मोबाइल नंबर और टोल-फ्री नंबर प्रदर्शित हों।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि राजकीय विद्यालयों, कस्तूरबा विद्यालयों एवं अन्य शासकीय संस्थानों की मांग के अनुसार ऑयल कंपनियों से स्वीकृति लेकर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर पूर्ति निरीक्षक बलहा, शिवपुर एवं नवाबगंज सहित गैस एजेंसियों के प्रबंधक और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार