आंध्रप्रदेश बस हादसा: राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को आंध्र प्रदेश में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को मार्कापुरम जिले में एक निजी बस के ट्रक से टकराने के बाद उसमें आग लग गई जिसमें कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए।
मार्कापुरम के पुलिस अधीक्षक वी हर्षवर्धन राजू ने कहा कि यात्री जलते हुए वाहन के अंदर फंस गए थे। मुर्मू ने 'एक्स' पर कहा, "आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में हुई बस दुर्घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
मोदी ने मृतकों के लिए घोषित की सहायता राशि
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के प्रकाशम ज़िले में हुए एक सड़क हादसे पर शोक जताया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सहायता राशि की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट किये गये एक संदेश में कहा, "आंध्र प्रदेश के प्रकाशम ज़िले में हुआ हादसा दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों, यही मेरी कामना है। "
मुआवजे का ऐलान
उन्होंने इस घटना से प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से सहायता राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, " पीएमएनआरएफ से हर मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये सहायता राशि दी जायेगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।" उन्होंने कहा कि हादसे के बारे में अभी और जानकारी सामने आ रही है, लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिये हैं।
राहत कार्य जारी
घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारी स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं और प्रभावित लोगों को ज़रूरी मदद पहुंचा रहे हैं। इस घटना के बाद राज्य और केंद्र, दोनों स्तरों के अधिकारी हालात पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि राहत उपाय जल्द से जल्द प्रभावित परिवारों तक पहुंचें।
ये भी पढ़ें :
आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा : बजरी से लदे टिपर ट्रक से टकराई बस, आग लगने से ज़िंदा जले 8 यात्री
