कौशांबी में भीषण हादसा : ट्रक की टक्कर से पिकअप के उड़े परखच्चे, 8 तीर्थयात्रियों की मौत
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार को श्रद्धालुओं को ले जा रहे एक पिकअप वाहन के राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े एक ट्रेलर ट्रक से टकरा जाने के कारण पांच महिलाओं और तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा जिले के सैनी थाना क्षेत्र के डोरमा पेट्रोल पंप के पास लगभग शाम चार बजे हुआ। पिकअप वाहन प्रयागराज से फतेहपुर जा रहा था और सड़के किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गया।
मृतकों की पहचान फतेहपुर जिले के जहानाबाद-बिंदकी क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई है। वे 'मां शीतला' के मंदिर कड़ा धाम में दर्शन करके लौट रहे थे। इससे पहले, वे एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने प्रयागराज गए थे। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय पिकअप वाहन में महिलाओं और बच्चों समेत करीब दो दर्जन श्रद्धालु सवार थे।
प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ज्योति नारायण ने भी दुर्घटना स्थल का दौरा किया और बताया कि इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घायल यात्री सड़क पर पड़े थे और मदद के लिए गुहार लगा रहे थे। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को सूचित किया।
पुलिस और आपातकालीन विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और कई एम्बुलेंस भेजकर घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, 20 से अधिक घायल व्यक्ति अस्पताल लाए गए, जिनमें कुछ में हड्डी टूटने की चोटें थीं, जबकि कई को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। कुछ घायलों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन बाद में यातायात बहाल कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
हादसे पर सीएम योगी दुखी, आर्थिक सहायता की घोषणा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशाम्बी में हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन से घटना की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
