बाराबंकी : क्षेत्र पंचायत बैठक में उठे भ्रष्टाचार और अधूरे विकास कार्यों के मुद्दे

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। रामनवमी की छुट्टी के दिन शुक्रवार को विकास खंड रामनगर में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक सवालों और आरोपों के बीच उलझी रही। बैठक में भ्रष्टाचार, अधूरे विकास कार्यों और विभागीय लापरवाही के मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की अपेक्षा से कम उपस्थिति पर भी चर्चा हुई। ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य अतिथि एमएलसी अंगद सिंह ने बीडीओ जितेंद्र कुमार से गांवों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। 

इस दौरान अन्नपूर्णा भवन, सीएचसी की बिजली व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, आंगनबाड़ी भवनों की हालत तथा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय नलकूप विभाग और विद्युत विभाग सहित कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। थाल कला में सामुदायिक शौचालय के अब तक चालू न होने का मुद्दा भी उठा, जिस पर ग्राम प्रधान सुनील कुमार ने पूर्व कार्यकाल में धन निकासी और वर्तमान में भुगतान न होने की बात कही। 

इस पर एडीओ पंचायत अभय शुक्ला को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निजामपुर, बिंदौरा और परसपुर में पंचायत भवनों का निर्माण शीघ्र कराने, अधूरे व्यक्तिगत शौचालयों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा सरकारी विद्यालयों की बाउंड्री व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। बाल विकास विभाग की सीडीपीओ ने बताया कि अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र पुराने भवनों में संचालित हो रहे हैं और कई जगह बिजली की सुविधा नहीं है।

एमएलसी अंगद सिंह ने ब्लॉक परिसर तक हाईवे से आने वाली सीढ़ियों को दुरुस्त कराने को कहा। ग्राम प्रधानों ने एमएलसी निधि से स्वीकृत सोलर लाइटें गांवों तक न पहुंचने की शिकायत की। लहड़रा के ग्राम प्रधान राजेश अवस्थी ने सड़क निर्माण में दस वर्षों से हो रही देरी का मुद्दा उठाया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव कुमार श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में ग्राम प्रधान सुनील यादव, कन्हैया, वीरेंद्र, एडीओ कृषि डॉ. दलबीर सिंह, जेई मनीष पटेल, अरुण व्यास, वन उपनिरीक्षक सचिन पटेल, सचिव बीना चतुर्वेदी, ऋषभ पांडेय, निखिल, विजय कुमार, अमित मौर्य, रवि अवस्थी सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार