उन्नाव बनेगा यूपी क्रिकेट का नया 'पावर हाउस', अब मुतर्जा नगर में संवरेगा खिलाड़ियों का भविष्य

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) अपने ऑपरेशंस को नया विस्तार देने जा रहा है। कानपुर के ऐतिहासिक कमला क्लब की लीज समाप्त होने के बाद, अब उन्नाव जिले का मुतर्जा नगर गांव प्रदेश की क्रिकेट गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनेगा। यूपीसीए यहां 13 हेक्टेयर जमीन पर बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' की तर्ज पर एक अत्याधुनिक क्रिकेट सेंटर स्थापित कर रहा है। 

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के सुझाव पर इस सेंटर को विश्व स्तरीय मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। जो खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और सुविधाएं प्रदान करेगा। यहां खिलाड़ियों के कौशल विकास के साथ-साथ उनके फिटनेस और रिकवरी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कानपुर में ही रहेगा मुख्यालय, ट्रायल के लिए ग्रीनपार्क का विकल्प

हालांकि क्रिकेट की जमीनी गतिविधियां उन्नाव शिफ्ट हो रही हैं, लेकिन यूपीसीए का आधिकारिक मुख्यालय फिलहाल कानपुर में ही बना रहेगा। कमला क्लब खाली होने की स्थिति में आगामी सीजन के स्टेट ट्रायल के लिए ग्रीनपार्क स्टेडियम का उपयोग किया जाएगा। 

साथ ही, वर्षों से जुड़े कर्मचारियों के लिए भी स्थायी विकल्प तलाशे जा रहे हैं। यूपीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि उन्नाव डीएम गौरांग राठी के सहयोग से मुतर्जा नगर में बाउंड्री वॉल और मैदान का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। पिच क्यूरेटर भूपेंद्र की देखरेख में मैदान तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए जल्द ही डिजाइन फाइनल कर ली जाएगी। 

नए सेंटर पर खिलाड़ियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
  1. विश्व स्तरीय पिचें: अभ्यास और मैचों के लिए विशेष रूप से लाल और काली मिट्टी की पिचें तैयार की जाएंगी।
  2. आधुनिक रिहैब सेंटर: चोटिल खिलाड़ियों के उपचार और वापसी के लिए रिहैबिलिटेशन सेंटर की सुविधा।
  3. आवासीय व्यवस्था: लगभग 150 खिलाड़ियों के ठहरने के लिए हॉस्टल और गेस्ट हाउस बनाया जाएगा।
  4. विशेषज्ञ कोचिंग: बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग के लिए अलग-अलग कोच होंगे।
  5. ट्रेनिंग स्टाफ: खिलाड़ियों की फिटनेस के लिए उच्च स्तरीय फिजियो और प्रोफेशनल ट्रेनर्स।
  6. अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर: अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली बाउंड्री वॉल, ड्रेनेज सिस्टम और प्रैक्टिस नेट्स।

संबंधित समाचार