बाराबंकी : ईंधन की किल्लत नहीं, फिर भी लगी है लंबी कतार, अफवाहों ने बढ़ाई भीड़

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार : प्रशासन चीख चीख कर दावा कर रहा कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं पर अफवाहों ने इस दावे को हासिए पर कर रखा है। आग में घी डालने का काम नए पेट्रोल डीजल की बिक्री से जुड़े नए प्रतिबंध कर रहे। आपूर्ति कंपनियों ने भी इस हाथ दे उस हाथ ले का रुख अपना लिया है। जिसका प्रमाण कि कुछेक पंपों पर पेट्रोल डीजल की कमी सामने आई है। इस बीच गैस सिलेंडर के लिए कतार लगने का सिलसिला बराबर जारी है।  

ईरान, अमेरिका व इजराइल के बीच जारी जंग के साथ ही पहले गैस सिलेंडर के संकट ने सिर उठाया, इसके बाद ईंधन की आपूर्ति से जुड़ी अफवाहों ने आमजन को परेशान कर दिया। हैरत की बात यह कि प्रशासन के दावों में कोई कमी नहीं रही और गैस, पेट्रोल, डीजल के विभागीय आंकड़े तक सार्वजनिक कर दिए गए पर लाकडाउन, आसन्न संकट की अफवाहों से जूझ रहे आमजन युद्ध के परिणाम से उपजने वाली स्थिति की कल्पना कर कतारबद्ध हो गए। 

पेट्रोल डीजल की मांग अचानक बढ़ गई, वहीं एक ही दिन में डीजल की बिक्री में 291 किलोलीटर तो पेट्रोल की बिक्री में 124 किलोलीटर का उछाल आ गया। पपों पर भीड़ उमड़ी तो स्वयं डीएसओ पंप पर मौजूद रहकर आल इज वेल का संदेश देते नजर आए। कुछेक पंपों पर पुलिस की मौजूदगी में बिक्री की गई। समस्या तब बढ़ गई जब अचानक उछाल देखकर घबराए पंपों पर बिक्री की सीमा तय कर दी गई। 

6

वही मेंथा किसानों के लिए भी अधिकतम एक हजार रुपये का ईंधन तय हो गया। नतीजा पंपों पर भीड़ बढ़ती जा रही है। उपलब्धता का दावा इसीलिए डांवाडोल है कि पर्याप्त ईंधन होने का दावा तो है पर धरातल पर बिक्री के तय नए पैमाने भीड़ बढ़ाने का काम कर रहे। सूत्रों की मानें तो तेल आपूर्ति कंपनियों ने उधारी बंद कर दी है। माल तभी जब भुगतान पूरा की शर्त का ही नतीजा है कि कहीं पेट्रोल तो कहीं डीजल का अभाव हुआ जा रहा। इस बीच जिले में गैस सिलेंडर के लिए कतारें बराबर लग रहीं। हालांकि आपूर्ति बराबर बनी हुई है पर इसमें लग रहा समय सब्र का इम्तेहान ले रहा। 

भीड़ इतनी कि बंद करने पड़ गए पंप 

सिरौलीगौसपुर : कस्बा बदोसराय में पेट्रोल पंपों पर भीड़ और तेल की कमी की अफवाहों के बाद अलर्ट एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा और कोतवाल अजीत कुमार विद्यार्थी के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। बता दें कि बीते दो दिनों से बदोसरांय के पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों की अत्यधिक भीड़ उमड़ पड़ी। लोग डिब्बे, बोतलें और अन्य बर्तन लेकर पेट्रोल-डीजल खरीदने पहुंच गए।

शाम तक भीड़ इतनी बढ़ी कि कई पेट्रोल पंप संचालकों ने अपने पंप जल्दी बंद कर दिए। सूचना मिलने पर एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि पेट्रोल और डीजल सभी किसानों को लगातार उपलब्ध कराया जाए और तेल टैंकर की मांग भी बराबर की जाती रहे। 

पेट्रोल पंपवार हो सतत निगरानी : डीएम

मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सभी ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह तथा जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे कहीं भी कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।

निर्देश दिए कि पेट्रोल पंपवार स्टॉक की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। कहा कि ऑयल कंपनियों के अधिकारी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे एवं सायं 8 बजे स्टॉक की सूचना जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराएं तथा डिपो से जनपद हेतु भेजे गए ईंधन की जानकारी भी साझा करें। स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी पाए जाने पर प्रिवेंशन ऑफ ब्लैकमार्केटिंग एक्ट एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीएम ने अपील की है कि वे घबराकर ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीद करें। 

आपदा में अवसर ढूंढने वालों पर नजर

जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि जनपद में कुल 247 पेट्रोल पंप संचालित हैं तथा वर्तमान में 2580 केएल डीजल एवं 1860 केएल पेट्रोल उपलब्ध है। शुक्रवार प्रातः काल तक 1426 केएल डीजल एवं 820 केएल पेट्रोल की बिक्री दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण गत दिवस की तुलना में लगभग ढाई गुना अधिक बिक्री हुई, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी दबाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होने चेताया कि आपदा में अवसर तलाश करने वाले सतर्क हो जाएं वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार