अमेठी की पूर्व चेयरमैन चन्द्रमा देवी अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
सुलतानपुर, अमृत विचार। व्यापारी का मकान दूसरे के नाम दर्ज कराने के मामले में आरोपी अमेठी की पूर्व चेयरमैन चन्द्रमा देवी की अंतरिम जमानत याचिका गुरुवार को खारिज होने के बाद 2024 से अब तक उनके अमेठी व लखनऊ में चल रहे इलाज व स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अधिवक्ता ने उनको अस्पताल में भेजने की मांग की थी।
न्यायिक मजिस्ट्रेट भव्या श्रीवास्तव ने जेल अधिकारियों को विधिक प्रक्रिया के तहत इलाज कराने का निर्देश दिया था। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पूर्व चेयरमैन का जिला अस्पताल सुल्तानपुर में उपचार हो रहा है।
उद्योगपति और अमेठी जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि की पत्नी चन्द्रमा देवी और चार अन्य के विरुद्ध अमेठी उद्योग व्यापार मंडल के सदस्य घनश्याम सोनी ने परिवाद दाखिल किया है। इस मामले मे नियमित जमानत पर सुनवाई 30 मार्च को होगी।
धोखाधड़ी के आरोपों से जुड़ा मामला
यह मामला उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष घनश्याम सोनी द्वारा दायर परिवाद से जुड़ा है। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष रहते हुए चंद्रमा देवी ने कथित रूप से धोखाधड़ी कर घनश्याम सोनी का मकान अन्य लोगों लल्लू प्रसाद सोनी, लालजी सोनी, पुजारी लाल सोनी और संगम लाल सोनी के नाम दर्ज करा दिया। इस मामले में कोर्ट ने 8 फरवरी 2024 को सभी आरोपियों को तलब किया था।
