जंग के बीच ईरान की अमेरिका-इजराइल को बड़ी चेतावनी: अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा, जानिए अब क्या बोल गए ट्रंप
दुबई। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता ने रविवार को चेतावनी दी कि अब अमेरिका और इजराइल के अधिकारियों के निजी आवास को निशाना बनाया जाएगा। पश्चिम एशिया में एक माह से अधिक समय से जारी युद्ध भयावह होता जा रहा है। यह धमकी इजराइल तथा पश्चिम एशिया में रहने वाले अमेरिका और इजराइल के सैन्य तथा राजनीतिक अधिकारियों को लक्षित है। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फिकारी ने कहा कि अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के विभिन्न शहरों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है।
ईरान के साथ प्रत्यक्ष , अप्रत्यक्ष रुप से बातचीत कर रहे हैं-ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि हम ईरान के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह से बातचीत कर रहे है। उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का ज़िक्र करते हुए पत्रकारों से कहा, "हम उनके साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह से बातचीत कर रहे हैं।" ट्रंप ने आगे कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्ष बहुत ज़रूरी मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने दावा किया कि ईरान अमेरिका के शांति समझौते की ज़्यादातर शर्तो सहमत हो गया है, लेकिन हम इससे ज़्यादा चाहते है। गौरतलब है कि गत 28 फरवरी को अमेरिका और इज़रायल ने ईरान पर हमला करना शुरू कर दिया। ईरान इज़रायली इलाके के साथ-साथ पश्चिम एशिया में अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर भी जवाबी हमले कर रहा है।
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से 20 जहाजों को गुजरने की अनुमति दी: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने सोमवार सुबह से अगले कुछ दिन तक होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते तेल के 20 जहाजों को गुजरने की अनुमति देने पर सहमति जताई है। ट्रंप ने रविवार रात 'एयर फोर्स वन' पर पत्रकारों से कहा, ''मैं बस इतना कहूंगा कि बातचीत में काफी प्रगति हुई है लेकिन ईरान के मामले में कभी भी पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता। हम उनसे बातचीत करते हैं और फिर हालात ऐसे मोड़ ले लेते हैं कि हमें उन्हें ताकत से जवाब देना पड़ता है।''
ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या ईरान ने अमेरिका की ओर से प्रस्तावित 15-सूत्रीय संघर्षविराम योजना पर प्रतिक्रिया दी है, तो उन्होंने कहा, ''हां, जवाब मिला है। उन्होंने अधिकांश बिंदुओं पर सहमति जताई है। वे आखिर ऐसा क्यों नहीं करेंगे?'' ट्रंप ने कहा, ''वे हमारी योजना पर सहमत हो रहे हैं।'' ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई ''शायद जीवित हैं, लेकिन स्पष्ट है कि वह संकट में हैं। वह बुरी तरह घायल हैं।
