Moradabad:जेवर इंटरनेशनल के बाद अब मुरादाबाद एयरपोर्ट से फिर उड़ान पर देना होगा ध्यान
मुरादाबाद, अमृत विचार। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शनिवार को उद्घाटन के बाद अब मुरादाबाद एयरपोर्ट से भी फिर से विमान सेवा शुरू कराने पर ध्यान देना होगा। तभी स्थानीय नागरिकों के अलावा निर्यातकों, कारोबारियों को भी सहूलियत होगी।
मुरादाबाद-रामपुर रोड से सटे भदासना में हवाई पट्टी को विकसित कर हवाई अड्डे के रुप में विकसित किया गया। इसका उद्देश्य जिले को वायु परिवहन से देश व प्रदेश के अन्य जिलों को जोड़ना था। इस हवाई अड्डे को आरसीसी (रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम) में संचालित करने के लिए प्रदेश सरकार ने 1425 वर्गमीटर क्षेत्रफल में नवीन टर्मिनल बिल्डिंग और प्रति वर्ष 50,000 यात्रियों को विमान सेवा प्रदान करने के लिए विकसित किया था। 10 मार्च 2024 को भदासना स्थित हवाई अड्डे का उद्घाटन आजमगढ़ में जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
फ्लाई बिग कंपनी की ओर से लखनऊ से मुरादाबाद की 19 सीटर विमान सेवा 10 अगस्त 2024 को शुरू की गई। जिससे मंडल के सभी पांचों जिलों के नागरिकों, कारोबारियों व पीतल कारोबार से जुड़े निर्यातकों को खुशी मिली। भविष्य में मुरादाबाद से देहरादून और हिंडन एयरपोटर् गाजियाबाद के लिए भी उड़ान सेवा विस्तारित करना प्रस्तावित था। लेकिन महीने दो महीने के बाद कंपनी ने उड़ान सेवा बंद कर दी। जिससे लोगों की खुशियों पर ग्रहण लग गया।
वहीं एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य भी लटका है। करीब दो वर्ष से विमान सेवा ठप होने से स्थानीय लोगों को लखनऊ-दिल्ली जाने के लिए ट्रेनों, बसों व निजी साधनों का ही सहारा है। अब जबकि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होने से पीतल निर्यात को और पंख लगने की आस है तो भदासना हवाई अड्डे से भी विमान सेवा शुरू होने से इसमें काफी सहूलियत मिल जाएगी।
