Bareilly: पुलिस हिरासत में लंगड़ाता दिखा खुद को हिंदू संगठन का नेता बताने वाला ऋषभ
बरेली, अमृत विचार। खुद को हिंदू संगठन का नेता बताने वाले ऋषभ ठाकुर का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें दूसरे समुदाय के युवक के साथ मारपीट करता नजर आया था। पुलिस ने आरोपी ऋषभ ठाकुर को रविवार की शाम ही गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस हिरासत में उसका वीडियो सामने आया। जिसमें ऋषभ लंगड़ाता हुआ देखा जा सकता है।
बीते दिनों राजेंद्र नगर स्थित एक कैफे में दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रही छात्रा के साथियों के साथ ऋषभ ठाकुर और उसके साथियों ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए मारपीट की थी। जिसका वीडियो वायरल हुआ था। प्रेमनगर पुलिस मामले में ऋषभ को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी, लेकिन ऋषभ ने कोर्ट में सरेंडर किया था। जमानत पर वह बाहर आया तो सुभाषनगर पुलिस ने जिला बदर कर उसे बदायूं की सीमा पर छोड़ा था।
मगर वह लागातार सोशल मीडिया पर कोई न कोई वीडियो वायरल कर रहा था। एक दिन पहले उसका नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें ऋषभ दूसरे समुदाय के युवक की पिटाई कर रहा था। लोगों ने वीडियो पुलिस को टैग कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने ऋषभ को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक ऋषभ को उसके दोस्त आकाश ने उसे फोन करके बताया कि एक लड़का और लड़की पहलवान बाबा मंदिर के पास घूम रहे हैं। वह भी वहां पहुंच गया, पहले से साथी अंकित यादव, कन्हैयार और भारत भी मौजूद थे। अपने साथियों के साथ मिलकर साथी शुएब को डरा धमकाकर 7 हजार नकद और 2 हजार रुपये ऑनलाइन ले लिए और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
