उलटफेर कर ऋषि और सुनील प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, स्वरूप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : स्वरूप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में सोमवार को कई उलटफेर देखने को मिले। क्वालीफायर से मुख्य ड्रॉ में पहुंचे उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव और हरियाणा के सुनील कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। एसडीएस टेनिस अकादमी की ओर से लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित इस एक लाख रुपये प्राइजमनी टूर्नामेंट में कई खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया।

मुख्य ड्रॉ के पहले दौर में यूपी के छठीं वरीय अंशुमान सिंह, वंश यादव और चिन्मय देव चौहान ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। ऋषि यादव 6-3, 2-0 से आगे थे, तभी उनके प्रतिद्वंद्वी पांचवीं वरीय महाराष्ट्र के तनिष्क जाधव ने मैच छोड़ दिया। वहीं सुनील कुमार ने सातवीं वरीय प्रशांत को 6-0, 6-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

वंश यादव ने दिल्ली के सौरव कुमार यादव को 7-6(2), 7-6(3) से हराया। चिन्मय देव चौहान ने उत्तराखंड के अर्णव को 6-1, 6-1 से मात दी, जबकि अंशुमान सिंह ने बिहार के वैभव सिंह को 6-1, 6-3 से हराया। अन्य मुकाबलों में हरियाणा के हर्ष मलिक, दिल्ली के मयंक शर्मा, पश्चिम बंगाल के सार्थक गुलाटी, राजस्थान के अमित और केरल के कौशिक ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।

इसी अवसर पर स्वरूप अग्रवाल टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि अजय दीक्षित (आईआरएस) ने किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। गौरतलब है कि आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट और टैलेंट हंट टूर्नामेंट दो अलग-अलग प्रतियोगिताएं हैं, जिनकी प्राइजमनी क्रमशः एक लाख और डेढ़ लाख रुपये निर्धारित है।

संबंधित समाचार