Barabanki Road Accident : सड़क हादसों में दो की मौत, शिक्षिका समेत दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शिक्षिका समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फतेहपुर प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के इसरौली गांव निवासी 28 वर्षीय इरशाद सोमवार सुबह फतेहपुर स्थित ससुराल से अपनी दो वर्षीय बेटी के साथ कार से घर लौट रहे थे।

फतेहपुर-देवा मार्ग पर डडियामऊ गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पानी भरे खारजा में पलट गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला। इरशाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रामनगर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के रहटा मजरे पोखईपुरवा निवासी 34 वर्षीय विक्रम गौतम की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अयोध्या में मजदूरी करता था और गोण्डा से लौटते समय रामनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शहर कोतवाली क्षेत्र में गांधी आश्रम के पास तेज रफ्तार टाटा इलेक्ट्रिक कार ने एक बाइक सवार और स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में देवा रोड स्थित ग्लोबल स्कूल की 33 वर्षीय शिक्षिका निशा सिंह व मानपुर गांव के रहने वाले पवन मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शिक्षिका की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार