यूपी में स्मार्ट मीटरिंग सिस्टम अब पूरी तरह से लागू, बोले आशीष गोयल- वर्तमान में 70 लाख मीटर कर रहे कार्य

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष आशीष गोयल ने कहा कि प्रदेश में अब तक 70 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटर वर्तमान में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरिंग सिस्टम अब पूरी तरह से लागू (गो-लाइव) हो चुका है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही और त्रुटिरहित बिलिंग उपलब्ध कराना है। गोयल ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इसमें मानवीय हस्तक्षेप न के बराबर होता है, जिससे बिलिंग में गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो जाती है।

उन्होंने कहा कि जो पोस्ट पेड़ मीटर स्मार्ट मीटर में कन्वर्ट किये जा रहे हैं, उसमें सिक्योरिटी की धनराशि को प्रीपेड में स्थानांतरित कर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बैलेंस कम होने पर एसएमएस अलर्ट लगातार भेजे जा रहे हैं। जब बैलेंस 30 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और शून्य के करीब पहुंचता है, तब उपभोक्ताओं को तुरंत सूचना मिलती है। यदि किसी उपभोक्ता का बैलेंस निगेटिव हो जाता है, तो उसकी बिजली आपूर्ति स्वतः कट सकती है। ऐसे में जैसे उपभोक्ता अपना एकाउंट रिचार्ज करते हैं तो 2 घण्टे के अंदर कनेक्शन चालू हो जाता है।

एमडी पंकज कुमार ने कहा कि उपभोक्ता अपने स्मार्ट मीटर को मोबाइल की तरह ही घर बैठे आसानी से रिचार्ज कर सकते हैं। इसके लिए यूपीपीसीएल की वेबसाइट, स्मार्ट कंज्यूमर ऐप, सीएससी केंद्र, तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे भीम, फोन पे और गूगल पे का उपयोग किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर 1912 हेल्पलाइन भी उपलब्ध है। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को कई फायदे मिल रहे हैं, जैसे घंटे-घंटे की बिजली खपत की जानकारी, अधिक खपत वाले उपकरणों की पहचान और बिजली बिल पर नियंत्रण। साथ ही, प्रीपेड मीटर पर उपभोक्ताओं को 2 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।

संबंधित समाचार