बाराबंकी : आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थिति बदहाल, लटका ताला, परिसर में फैली गंदगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विकास पाठक/बनीकोडर/बाराबंकी, अमृत विचार। सरकार की तमाम कोशिशों के बाद भी जमीनी स्तर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। विकासखंड बनीकोडर क्षेत्र में कई केंद्रों पर अव्यवस्था और लापरवाही के हालात सामने आए हैं। 

रसूलपुर ग्राम पंचायत के दिलावलपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर सोमवार दोपहर ताला लटका मिला। केंद्र के आसपास झाड़ियां उगी हुई हैं और परिसर में गंदगी फैली है। जिसे देखकर साफ है कि यह केंद्र शायद ही कभी कभार ही खुलता हो। जिससे मरीजों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह केंद्र अधिकतर समय बंद रहता है, जिससे यहां नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि केवल टीकाकरण के दिन ही एएनएम केंद्र पर आती हैं, बाकी दिनों में केंद्र बंद ही रहता है। यही स्थिति टिकरा गांव में बने आयुष्मान आरोग्य मंदिर की भी देखने को मिली, जहां केंद्र पर ताला लगा मिला।

इसके अलावा भीखरपुर ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में भी गंदगी का अंबार लगा है, जो बदहाल व्यवस्था की तस्वीर साफ बयां करता है। इन हालातों से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की है। इस संबंध में सीएचसी रामसनेहीघाट के अधीक्षक रमेश चंद्र ने बताया कि टिकरा केंद्र पर कोई नियुक्ति नहीं है, हालांकि वहां टीकाकरण कार्य कराया जाता है।

वहीं रसूलपुर केंद्र पर किसकी नियुक्ति है, इसकी जानकारी की जा रही है। सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव ने कहा कि वह स्थिति की जानकारी लेंगे। अगर किसी प्रकार की लापरवाही बरती जा रही होगी, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार