Uttrakhand: सिलेंडर के लिए सुबह 5 बजे से ही लाइन में लग जा रहे हैं उपभोक्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भीमताल, अमृत विचार। भीमताल नगर में गैस सिलेंडरों को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। हालांकि विभाग का दावा है कि सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद, रामलीला ग्राउंड में सुबह 5:00 बजे से ही लोग खाली सिलेंडर लेकर पहुंच रहे हैं और लंबी कतारों में खड़े हो रहे हैं।

लोग सोशल मीडिया पर भी इन कतारों की तस्वीरें साझा कर स्थिति से अवगत करा रहे हैं। दूसरी ओर, गैस गोदाम से सिलेंडरों से भरी गाड़ियां आते ही लोगों द्वारा रास्ते में रोक ली जा रही हैं और वहीं वितरण का दबाव बनाया जा रहा है। इसका परिणाम यह हो रहा है कि शहर के अन्य क्षेत्रों में गैस वितरण नहीं हो पा रहा है। सिलेंडर न मिलने पर कई लोग अपने निजी साधनों से सिलेंडर लाकर गोदाम के आसपास खड़े दिखाई दे रहे हैं। वहीं, गोदाम कर्मचारियों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद करने शुरू कर दिए हैं।

सोमवार को रामलीला ग्राउंड में लगभग 200 उपभोक्ता लाइन में खड़े थे, जबकि करीब 10:30 बजे पहुंचे वाहन से मात्र 25 सिलेंडरों का ही वितरण हो सका। इससे अधिकांश लोगों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। अब इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी जवाब देना बंद कर दिया है।

नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा ने बताया कि पूरे देश में गैस का संकट है। ऐसे में लोगों को अफरा-तफरी नहीं मचानी चाहिए। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हर दिन एक क्षेत्र में पर्याप्त सिलेंडरों का वितरण करें, ताकि समस्या का समाधान हो सके।

जिला मंत्री भाजपा मनोज भट्ट ने बताया कि पुराने रोस्टर के अनुसार ही वितरण होना चाहिए, जैसा पहले किया जाता था। विभाग की लापरवाही के कारण स्थिति पैनिक में बदल रही है। अधिकारियों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है।

सामाजिक कार्यकर्ता पूरन वृजवासी का कहना है कि मैंने साक्ष्यों के साथ जिलाधिकारी नैनीताल को यह समस्या भेजी है। इस पर मुझे डीएसओ का फोन आया। उनका कहना है कि विभाग को सख्त निर्देश दे दिए गए हैं कि रूटीन के अनुसार 9 वार्डों में गाड़ियां भेजी जाएं और लाइन लगाना बंद किया जाए। अधिकारी का साफ कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है।

संबंधित समाचार