बाराबंकी बब्लू हत्याकांड : पीड़ित परिवार से मिले मंत्री ओपी राजभर, कहा- अपराधियों व उनको संरक्षण देने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई
बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली दरियाबाद क्षेत्र के ग्राम बेहटा में मंगलवार को मृतक बब्लू राजभर के घर पंचायती राज तथा अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ बोर्ड तथा हज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पहुंचे और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। बब्लू राजभर तीन दिन पहले ग्राम नैपुरा मजरे परसावल बर्फ बेचने गया था। तभी शंकर यादव ने गला रेतकर उसकी निर्दयता से हत्या कर दी।
मंत्री राजभर ने मृतक की पत्नी, माता, पिता और बाबा से मिलकर संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रदेश सरकार में अपराधियों और उनका संरक्षण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को आवास, कृषि भूमि, बच्चों की शिक्षा, भरण-पोषण और पेंशन आदि सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्रा ने बताया कि हत्या के अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है। मंत्री ने कहा कि घटना में एक अन्य व्यक्ति के शामिल होने की सूचना मिली है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। राजभर ने आगे कहा कि माफिया, गुंडों और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और इस प्रकार का अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति बक्शा नहीं जाएगा।
आगामी ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अग्रिम आदेशों के अनुसार चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। इस मौके पर पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, डीपीआरओ नीतेश भोंडेले, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, एडीओ पंचायत अभय शुक्ला, ग्राम प्रधान दुर्गेश कुमार, सचिव ऋषभ पांडे सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
