सीएम योगी का बहराइच दौरा : 136 परिवारों को आवास और भूमि की सौगात, अब भरथापुर कहलाएगा 'भरतपुर'
लखनऊ/बहराइच। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के मिहिरपुरवा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में 136 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास, शौचालय और आवास हेतु भूमि के पट्टों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए धनराशि डिजिटल माध्यम से हस्तांतरित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बहराइच की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए इसे सुहेलदेव के शौर्य की धरती बताया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव का पराक्रम आज भी समाज को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा उपेक्षित रहे करीब 500 परिवारों के पुनर्वास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि "डबल इंजन सरकार सेवा और संवेदना के आधार पर बिना किसी भेदभाव के 25 करोड़ प्रदेशवासियों के लिए कार्य कर रही है।"
योगी ने कहा कि सरकार जाति, पंथ या संप्रदाय के आधार पर नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद को परिवार का हिस्सा मानकर योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने कहा कि इस पुनर्वास योजना में दलित, पिछड़े, जनजातीय समुदाय समेत विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और जातिवाद के आधार पर समाज को बांटने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में माफिया, गुंडागर्दी और दंगों का माहौल रहता था, जिससे विकास बाधित होता था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और सभी त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं।
नवरात्रि और आगामी रामनवमी के आयोजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में भयमुक्त वातावरण बना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर परिवार को सुरक्षित आवास, मूलभूत सुविधाएं और बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।
