अलीगढ़ में बनेगा देश का पहला ‘लॉक म्यूजियम’... ताला उद्योग को मिलेगी वैश्विक पहचान, 10 हजार करोड़ कारोबार की उम्मीद
सीएम योगी के निर्देश पर शिक्षा, शोध और तकनीकी विकास का बनेगा केंद्र
लखनऊ, अमृत वितार: प्रदेश के अलीगढ़ का ऐतिहासिक ताला उद्योग अब वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यहां देश का पहला ‘लॉक म्यूजियम’ स्थापित किया जाएगा। इस पहल से न केवल इस पारंपरिक उद्योग को संरक्षित किया जाएगा, बल्कि इसे आधुनिक तकनीक और नवाचार से भी जोड़ा जाएगा। इस परियोजना के साथ ताला उद्योग का सालाना कारोबार 10 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
अलीगढ़ की भौगोलिक स्थिति भी इस परियोजना को खास बनाती है, क्योंकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से महज 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण यहां अमेरिका और यूरोप से बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक पहुंच सकेंगे।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अनुसार, यह म्यूजियम केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं होगा, बल्कि एक समग्र औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पारंपरिक हस्तनिर्मित तालों से लेकर आधुनिक हाई-टेक सुरक्षा प्रणालियों तक के विकास को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी इस उद्योग की विरासत और तकनीकी यात्रा को समझ सकेगी। म्यूजियम में प्रशिक्षण, शोध और तकनीकी विकास से जुड़े कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। साथ ही कारीगरों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर उनकी उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा।
क्या होगा खास लॉक म्यूजियम में
• पारंपरिक से आधुनिक ताले तक की प्रदर्शनी
• हाई-टेक सुरक्षा प्रणाली की जानकारी
• इतिहास, तकनीक और नवाचार का संगम
• पर्यटकों के लिए इंटरएक्टिव अनुभव
ज्ञान और शोध का केंद्र
• प्रशिक्षण और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम
• डिजाइन और नवाचार को बढ़ावा
• तकनीकी शोध की सुविधा
• युवाओं के लिए उद्यमिता के अवसर
