प्रयागराज में दो प्रोफेसरों को जान से मारने की धमकी, डाक के जरिए भेजा पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के दो प्रोफेसरों को डाक के जरिए जान से मारने की धमकी भरा पत्र भेजा गया है। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

शिकायतकर्ता प्रोफेसर मान सिंह (शिक्षाशास्त्र विभाग) ने बताया कि 17 मार्च को विश्वविद्यालय परिसर में स्पीड पोस्ट से प्राप्त पत्र में उन्हें और उनके सहयोगी डॉ. हर्ष मणि सिंह (अर्थशास्त्र विभाग) को संबोधित कर बेहद अपमानजनक गालियां दी गईं तथा जान से मारने की साफ धमकी दी गई। पत्र 14 मार्च को आरएमएस के माध्यम से भेजा गया था।

प्रोफेसर मान सिंह ने 22 मार्च को कर्नलगंज थाने में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया।शिकायत में प्रोफेसरों ने बताया कि इस धमकी से वे मानसिक रूप से टूट चुके हैं। डर के मारे अवसाद और असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है। कॉलेज के अन्य शिक्षक भी सतर्क हो गए हैं। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक महिपाल यादव जांच कर रहे हैं। पुलिस डाकघर और आरएमएस केंद्र के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि भेजने वाले की पहचान हो सके।

एफआईआर धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज की गई है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना उच्च शिक्षा संस्थानों में फैली असुरक्षा को उजागर करती है।  

संबंधित समाचार