योगी सरकार का बड़ा फैसला : फसल बीमा योजना के लिए 71.44 करोड़ मंजूर, किसानों को मिलेगी राहत
नेशनल क्रॉप इंश्योरेंस प्रोग्राम के तहत जारी हुआ शासनादेश
राज्य ब्यूरो/लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने किसानों को फसल नुकसान से सुरक्षा देने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए बुधवार को नेशनल क्रॉप इंश्योरेंस प्रोग्राम के तहत 71 करोड़ 44 लाख 60 हजार की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।
शासनादेश के अनुसार, यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए फसल बीमा (सब्सिडी मद) में स्वीकृत की गई है। यह राशि कुल निर्धारित बजट 450 करोड़ के सापेक्ष जारी की गई है, जिससे किसानों को बीमा कवरेज के तहत लाभ मिल सकेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल फसल बीमा योजना के निर्धारित कार्यों में ही किया जाएगा।
इसके साथ ही कृषि निदेशक को निर्देश दिए गए हैं कि खर्च की आवश्यकता और औचित्य सुनिश्चित किया जाए तथा योजना की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन हो। शासन ने यह भी निर्देश दिया है कि धनराशि का आहरण आवश्यकतानुसार किया जाए, एकमुश्त निकासी से बचा जाए और इसे किसी बैंक या अन्य खाते में अनावश्यक रूप से न रखा जाए। सभी व्यय वित्तीय नियमों और बजट प्रावधानों के अनुरूप ही किए जाएंगे।
