Bareilly: शातिर चोर की करतूत...पुलिस ने पकड़ा तो निगल गया चांदी का ब्रेसलेट, कराया गया एक्स-रे

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बारादरी थाना पुलिस के हाथ आए चोर की करतूत ने हर किसी को हैरत में डाल दिया। चोर की हरकत ने न सिर्फ पुलिस को परेशान किया बल्कि उसकी खुद की जान आफत में पड़ गई। चोरी के एक मामले में इस शातिर चोर को पुलिस ने जब पकड़ा तो हाथ में पहना चांदी का ब्रेसलेट किसी मीठी गोली की तरह निगल गया। अब पुलिस चोर के पेट से ब्रेसलेट निकालने को डॉक्टरों से सलाह मश्विरा कर रही है।

दरअसल मामला बारादरी थाना क्षेत्र के सम्राट अशोक नगर का है। यहां गली नंबर तीन में रहने वाले अशोक कुमार सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 30 मार्च की रात उनके घर में अज्ञात चोर छत के रास्ते घुसा और उनकी बुलेट बाइक, दो मोबाइल व चांदी का ब्रेसलेट चोरी कर ले गया। अशोक कुमार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और घटना के वक्त का सीसीटीवी चेक किया तो हजियापुर चुंगी का रहने वाला शातिर चोर सिकंदर निकला। लिहाजा तलाश के बाद डोहरा रोड के पास से पुलिस ने सिंकदर और बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र निवासी उसके साथी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने चोरी की गई बुलट बाइक तो बरामद कर ली मगर शातिर चोर सिकंदर पकड़े जाने के दौरान चांदी का ब्रेसलेट निगल गया। चोर की इस हरकत से पुलिस भी सकते में आ गई और उसको आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने सिकंदर का एक्स-रे कराया जिसमें पेट के अंदर ब्रेसलेट दिखाई दे रहा है। फिलहाल अब डॉक्टर चोर के पेट से ब्रेसलेट निकालने की तैयारी कर रहे हैं।पुलिस के मुताबिक 5 वीं तक पढ़े सिकंदर पर पहले से लगभग 18 मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में पुलिस ने इसे तमंचा और कारतूस के साथ जेल भेजा था मगर 10 दिन में जमानत पर बाहर आकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज