UP : नौ जिलों में 3200 करोड़ की 11 परियोजनाएं मंजूर, गौतमबुद्ध नगर में सबसे ज्यादा इकाइयां
लखनऊ, अमृत विचार : उप्र. भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण ने लखनऊ, बरेली, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, झांसी, मेरठ, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद में 11 नई रियल एस्टेट परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। इन जिलों में बिल्डरों द्वारा 3,212.63 करोड़ से 2,914 आवासीय, वाणिज्यिक एवं मिश्रित इकाइयां विकसित करके फ्लैट, प्लॉट, विला, ऑफिस बनाकर बेचे जाएंगे।
बुधवार को न्यू हैदराबाद स्थित रेरा मुख्यालय पर अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में प्राधिकरण की 199वीं बैठक हुई। निजी परियाेजनाओं का प्रस्तुतिकरण दिया गया। निवेश के दृष्टिकोण से गाजियाबाद सबसे आगे रहा, जहां 1,108.69 करोड़ लागत की एक आवासीय परियोजना को स्वीकृति दी गई। परियोजना में 568 इकाइयां विकसित की जाएंगी। वहीं, इकाइयों की संख्या के मामले में गौतमबुद्ध नगर सबसे आगे रहा। जहां 843.14 करोड़ से एक वाणिज्यिक परियोजना में 1,077 आईटी कार्यालय स्थल को मंजूरी दी गई। इससे कॉर्पोरेट सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा। लखनऊ में 947.04 करोड़ की एक आवासीय और एक मिश्रित परियोजना में 815 इकाइयां विकसित करने को मंजूरी दी गई। इससे राजधानी में आवासीय मांग और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इसी तरह बरेली में 98.50 करोड़ से एक आवासीय परियोजना को स्वीकृति दी गई। परियोजना में 100 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी। झांसी में 96.69 करोड़ से एक आवासीय और एक मिश्रित परियोजना में 134 इकाइयां विकसित करने को मंजूरी दी गई। आगरा में 47.86 करोड़ से एक आवासीय परियोजना में 80 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। मथुरा में 55 करोड़ से एक आवासीय परियोजना में 86 आवासीय इकाइयां बनाई जाएंगी। मेरठ में 3.11 करोड़ से एक आवासीय परियोजना में 35 आवासीय इकाइयां बनेंगी। फिरोजाबाद में 12.60 करोड़ की परियोजना में 19 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : केजीएमयू में विवाद : कर्मचारी ने मरीज को पीटा, बचाने पहुंचा गाड़ियों का काफिला
