Uttrakhand: ढाबे में खड़ी कार पर ट्रैक्टर चढ़ाकर किया हमला, आरोपी गिरफ्तार
कालाढूंगी, अमृत विचार। चकलुवा क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक ने दबंगई दिखाते हुए ढाबे में खड़ी कार को कई बार टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में कार सवार दो लोग बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी को वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार रात हल्द्वानी-कालाढूंगी हाईवे पर निर्माणाधीन पुल के पास स्थित न्यू पहाड़ी ढाबे में हिमांशु देउपा निवासी लच्छमपुर विदरामपुर अपने दोस्त के साथ कार में बैठे थे। तभी प्रवीण देउपा निवासी चौधरी गेट विदरामपुर ट्रैक्टर लेकर आया और तेज गति से कार को एक के बाद एक चार बार टक्कर मार दी। घटना से ढाबा संचालक, कर्मचारी और ग्राहक भयभीत हो गए। हमले में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ढाबे की दीवार, फर्नीचर और शीशे भी टूट गए। घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बुधवार को पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आरोपी को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच निहाल नदी से रेत-बजरी कारोबार को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जल्द ही हल्द्वानी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
