उपलब्धि: मुरादाबाद प्रदेश में दूसरे स्थान पर, दो सप्ताह में 426 किशोरियों को लगा एचपीवी टीका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। महज दो सप्ताह के भीतर 426 किशोरियों को टीका लगाकर मुरादाबाद ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 28 फरवरी से राजस्थान के अजमेर से सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद जिलों में अलग-अलग तिथियों पर इसकी शुरुआत हुई। यह विशेष टीकाकरण अभियान जिले में 18 मार्च को महिला अस्पताल से शुरू किया गया था। डिप्टी सीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ. संजीव बेलवाल के अनुसार जिले में 38,700 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

इसके तहत स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से किशोरियों तक पहुंच बनाई जा रही है। टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य कर्मी अभिभावकों और छात्राओं को लगातार जागरूक कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी इस अभियान से जुड़ सकें। शुरुआत में धीमी गति के बाद अब इसमें तेजी आई है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, जिससे तय लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।

प्रदेश में बरेली अव्वल, एटा सबसे पीछे
एचपीवी टीकाकरण अभियान में बरेली जिला पहले स्थान पर है, जबकि एटा की स्थिति बेहद कमजोर है। एटा में अब तक 20 किशोरियों का भी टीकाकरण नहीं हो सका है। शासन स्तर से वहां भी अभियान में तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

संबंधित समाचार