Moradabad: दिन चढ़ते ही बढ़ी गर्मी, शाम की ठंडी हवा ने दी राहत, अधिकतम तापमान 33 डिग्री
मुरादाबाद, अमृत विचार। बुधवार को मौसम का मिजाज बदलता रहा। सुबह हल्की ठंडक के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, गर्मी का असर भी तेज होता गया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दोपहर में सूरज की तपिश अधिक होने से लोगों ने राहत के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लिया। जूस, शिकंजी और कोल्ड ड्रिंक की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। शाम होते-होते मौसम ने करवट ली। करीब पांच बजे के बाद ठंडी हवा चलने लगी, जिससे वातावरण में राहत महसूस की गई।
पार्कों और खुले स्थानों पर लोग टहलकर मौसम का आनंद लेते नजर आए। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, जिससे गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
