यूपी में रबी फसलों की खरीद के लक्ष्यों का आवंटन जारी, फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसानों को ही योजना का लाभ

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए तूर, चना, मसूर और लाही-सरसों की खरीद के लक्ष्यों का आवंटन जारी कर दिया गया है। प्रदेश में मूल्य समर्थन योजना के तहत इन फसलों की खरीद 7 अप्रैल से शुरू होगी। कृषि भवन में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि योजना का लाभ अब केवल फार्मर रजिस्ट्री कराने वाले किसानों को ही मिलेगा।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे शीघ्र पंजीकरण कराएं, ताकि समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। शासन के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों के बीच 80:20 के अनुपात में लक्ष्य बांटे गए हैं। इसके तहत नैफेड को 80% और एनसीसीएफ को 20% खरीद की जिम्मेदारी दी गई है।

कुल लक्ष्य तूर 1.13 लाख मीट्रिक टन, चना 2.24 लाख मीट्रिक टन, मसूर 6.77 लाख मीट्रिक टन और लाही-सरसों 5.30 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। राज्य स्तर पर भी एजेंसियों के बीच लक्ष्य तय किए गए हैं। यूपीपीसीयू को 40%, यूपीपीसीएफ को 20%, जबकि अन्य एजेंसियों को शेष लक्ष्य आवंटित किया गया है। जिलाधिकारियों के अनुमोदन से क्रय केंद्र खोले जाएंगे और पीएसएस गाइडलाइन्स का पालन अनिवार्य होगा।

बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र और निदेशक कृषि डॉ. पंकज त्रिपाठी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले कृषि मंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक में भी हिस्सा लिया, जिसमें खरीद रणनीति और फार्मर आईडी पर चर्चा हुई।

ये भी पढ़ें : 
एक ही साल्ट की दवाओं में भारी मूल्य अंतर पर सवाल, BJP पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने उठाई आवाज, MRP तय करने की मांग

 

 

 

संबंधित समाचार