Uttrakhand: तमंचा लहराकर बनाई रील...रीयल में पहुंच गया हवालात
हल्द्वानी, अमृत विचार। टेबल पर बियर की बोतल और बगल में तमंचा रखकर फोटो खिंचवाने और फिर उसे इंस्टाग्राम पर बतौर रीड अपलोड करना युवक को भारी पड़ गया। रील के चक्कर में युवक रीयल में हवालात पहुंच गया। रील बनाकर अपलोड करने के बाद युवक जजफार्म के पास सूनसान सड़क पर बैठा था। पुलिस ने जब उसे पकड़ा तो पास से 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ।
हल्द्वानी कोतवाली पुलिस के मुताबिक, गिरफ्त में आया आरोपी 19 साल का अंश खत्री पुत्र भानु प्रताप सिंह खत्री है, मूलरूप से अम्बेडकर नगर शिवपुरी कटघर मुरादाबाद उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में वह गौला गेट राजपुरा हल्द्वानी में रह रहा था।
कोतवाल विजय कुमार मेहता ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील अपलोड की, जिसमें वह तमंचे के साथ नजर आ रहा था। मामला संज्ञान में आने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई और एक अप्रैल को उसे धान मिल तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 315 बोर का लोडेड तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया किया है। पुलिस टीम में एसएसआई भूपेन्द्र सिंह मेहता, कांस्टेबल ललित नाथ और धीरेन्द्र अधिकारी थे।
